Sat. May 23rd, 2026

उत्तराखंड में नकली दवाओं के कारोबार पर सरकार का बड़ा एक्शन

देहरादून: उत्तराखंड में अब नकली दवाओं का कारोबार करने वालों पर सरकार ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री ने नकली दवाओं का कारोबार करने वालों के खिलाफ सघन अभियान चलाने और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने शनिवार को बागेश्वर के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नकली दवाओं के निर्माण और बिक्री को पूरी तरह समाप्त करने के लिए प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग संयुक्त रूप से अभियान चलाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि धराली और बागेश्वर समेत अन्य आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्वास, राहत और आजीविका की व्यवस्था सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि गठित समिति की रिपोर्ट आने के बाद व्यापक स्तर पर राहत और पुनर्वास कार्य शुरू किए जाएंगे।इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने राज्य के अग्निवीरों के लिए समुचित प्रशिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस ट्रेनिंग सेंटरों में समय-समय पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।

मुख्यमंत्री ने राज्य में व्यापक स्तर पर स्वदेशी अभियान चलाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह अभियान आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। उन्होंने मंत्रियों, अधिकारियों और कर्मचारियों से स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील करते हुए सरकारी कार्यक्रमों और आयोजनों में स्थानीय उत्पादों के अधिकतम उपयोग को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अपने दृष्टि पत्र में किए गए सभी वादों को पूरा करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े सभी संकल्पों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *