Mon. Apr 20th, 2026

महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव से पहले हिंसा, भाजपा-शिवसेना कार्यकर्ताओं में टकराव

मुबई: कल्याण-डोंबिवली नगर निगम चुनाव से ठीक दो दिन पहले भाजपा और शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) के कार्यकर्ताओं के बीच धन वितरण को लेकर हिंसक झड़प हो गई। इस घटना में भाजपा उम्मीदवार आर्या ओंकार नाथ नाटेकर के पति ओंकार नाथ नाटेकर घायल हो गए। भाजपा ने आरोप लगाया है कि यह हमला एकनाथ शिंदे गुट के उम्मीदवार नितिन मत्या पाटिल के समर्थकों ने किया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

उधर, महाराष्ट्र में 29 नगर निगमों के चुनाव के लिए आज प्रचार का आखिरी दिन है। इस बीच राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस नागपुर में सुबह 11 बजे रोड शो करेंगे, जिसमें वे खुद मोटरसाइकिल पर सवार होकर शामिल होंगे। इसके बाद वह पुणे में दोपहर 1:30 बजे एक चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। वहीं, उपमुख्यमंत्री अजित पवार का भी आज पुणे में रोड शो है, जो सुबह 9 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक चलेगा।

राज्य चुनाव आयोग ने घोषणा की है कि महाराष्ट्र के 29 नगर निगमों में मतदान 15 जनवरी को होगा और मतगणना 16 जनवरी को कराई जाएगी। इन नगर निगमों में कुल 2,869 सीटों पर चुनाव होंगे। राज्य चुनाव आयुक्त दिनेश वाघमारे ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया 23 से 30 दिसंबर के बीच हुई थी, जबकि नामांकन पत्रों की जांच 31 दिसंबर को पूरी हुई। नाम वापसी की अंतिम तिथि 2 जनवरी थी और 3 जनवरी को उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी की गई।

चुनाव आयोग के अनुसार, इन 29 नगर निगमों में करीब 3.48 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिन प्रमुख नगर निगमों में चुनाव हो रहे हैं उनमें मुंबई, नवी मुंबई, ठाणे, पुणे, नासिक, नागपुर और छत्रपति संभाजीनगर शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *