Fri. Oct 9th, 2026

हेमकुंड साहिब में सीजन की तीसरी बर्फबारी, कल बंद होंगे कपाट

देहरादून: उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित हेमकुंड साहिब में सीजन की तीसरी बर्फबारी दर्ज की गई है। देर रात अचानक मौसम में बदलाव के बाद यहां बर्फ की सफेद चादर बिछ गई। बर्फबारी के चलते तापमान में गिरावट आई है और ठंड बढ़ गई है। खास बात यह है कि हेमकुंड साहिब में यह बर्फबारी ऐसे समय हुई है, जब इस साल की तीर्थयात्रा अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गई है।

सिखों के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल हेमकुंड साहिब में हर साल देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित होने के कारण यहां मौसम तेजी से बदलता रहता है। इस यात्रा सीजन में अब तक तीन बार बर्फबारी हो चुकी है। देर रात हुई ताजा बर्फबारी से क्षेत्र में ठंड का असर और बढ़ गया है। हेमकुंड साहिब के कपाट कल बंद किए जाने हैं। इसके साथ ही इस वर्ष की तीर्थयात्रा का समापन हो जाएगा। कपाट बंद होने से ठीक पहले हुई बर्फबारी ने यहां सर्दी का एहसास बढ़ा दिया है।

वहीं, प्रदेश में पिछले दो दिनों तक हुई बारिश और आंधी-तूफान का असर तापमान पर भी देखने को मिला है। बृहस्पतिवार को मौसम शुष्क रहने के बावजूद तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पर्वतीय क्षेत्रों में पारा गिरने से ठंड बढ़ गई, जबकि मैदानी इलाकों में मौसम सुहावना बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार, नौ अक्तूबर को भी प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है।

मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक देहरादून, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है।

बृहस्पतिवार को देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 18.6 डिग्री सेल्सियस रहा। पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान में बदलाव का असर अधिक देखने को मिला। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 14 अक्तूबर तक प्रदेश में मौसम का मिजाज इसी तरह बने रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *