दून अस्पताल की इमरजेंसी में जमकर हंगामा, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
देहरादून: राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल की इमरजेंसी में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब मेडिकल परीक्षण के दौरान दो पक्ष आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। इस दौरान धारदार हथियार लहराए जाने की बात भी सामने आई है। घटना से अस्पताल परिसर में अफरातफरी फैल गई और इमरजेंसी में मौजूद मरीजों व तीमारदारों में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक, इमरजेंसी में मेडिकल परीक्षण के दौरान दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के लोग आपस में मारपीट करने लगे। हंगामे के बीच धारदार हथियार लहराए जाने से अस्पताल में मौजूद लोगों की चिंता बढ़ गई। अचानक हुई इस घटना से उपचार के लिए पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों में भय का माहौल पैदा हो गया।
हालात बिगड़ते देख मरीजों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इमरजेंसी का मुख्य गेट कुछ देर के लिए बंद करना पड़ा। इसके चलते अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों और तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अस्पताल की इमरजेंसी जैसे संवेदनशील स्थान पर मारपीट और हथियार लहराए जाने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
दून अस्पताल की इमरजेंसी में इस तरह का हंगामा कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी अस्पताल परिसर में विवाद की घटनाएं सामने आती रही हैं। ऐसे में अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और मरीजों व स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जरूरत एक बार फिर महसूस की जा रही है।
फिलहाल, घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। अस्पताल प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया है और पुलिस को शिकायत देने की बात कही है। अब देखना होगा कि मामले में आगे क्या कार्रवाई की जाती है और अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।